July 28, 2026

IAS तारण प्रकाश सिन्हा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी, मैसेज भेजकर ठगी की कोशिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस अधिकारी तारण प्रकाश सिन्हा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। खुद अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मनरेगा आयुक्त तारण प्रकाश सिन्हा ने बताया कि उनके नाम और फोटो का दुरुपयोग कर बनाई गई फर्जी आईडी के जरिए लोगों को मैसेज भेजे जा रहे हैं और मोबाइल नंबर सहित निजी जानकारी मांगी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आईडी पूरी तरह फर्जी है और इसका उनसे कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें। यदि किसी को इस तरह की आईडी या संदिग्ध मैसेज मिलते हैं, तो तुरंत रिपोर्ट करें और संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।

प्रशासन ने भी नागरिकों को सोशल मीडिया पर सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी से बचने की सलाह दी है।