बिलासपुर। मालधक्का क्षेत्र में हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी के नाम पर नकली उत्पाद बेचने का मामला सामने आया है। बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश पर नियुक्त एडिशनल स्पेशल रिसीवर ने पुलिस टीम के साथ महादेव जनरल स्टोर्स के गोदामों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में डुप्लीकेट सामान जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान सर्फ एक्सेल पाउडर और रेड लेबल चाय के नाम पर नकली उत्पाद बड़ी मात्रा में मिले। जांच में पाया गया कि नामी ब्रांड के रैपर में नकली सामान पैक कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। गोदाम से सर्फ एक्सेल के 80 ग्राम वाले 5280 पैकेट और रेड लेबल चाय के 1 किलो वाले 80 पैकेट बरामद किए गए।
यह कार्रवाई हिंदुस्तान यूनिलीवर द्वारा बॉम्बे हाईकोर्ट में दायर याचिका के बाद की गई है, जिसमें कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट उत्पाद बेचने की शिकायत की गई थी। कोर्ट के निर्देश पर जब्त सभी सामान को सील कर कंपनी प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया है।
मामले की अगली सुनवाई 8 मई को बॉम्बे हाईकोर्ट में होगी। सूत्रों के अनुसार, व्यापार विहार क्षेत्र में नकली उत्पादों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जहां से थोक स्तर पर डुप्लीकेट सामान सप्लाई किया जा रहा है।





