May 15, 2026

डाक विभाग के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र वायरल, पखांजूर में बेरोजगार युवाओं से लाखों की ठगी

जगदलपुर। भारतीय डाक विभाग के नाम पर जारी एक फर्जी नियुक्ति आदेश इन दिनों पखांजूर क्षेत्र में तेजी से वायरल हो रहा है। इस नकली दस्तावेज के जरिए बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी की जा रही है। मामला सामने आने के बाद बस्तर संभाग के डाक विभाग मुख्यालय ने इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया है।

वायरल लेटर में भारत सरकार, डिपार्टमेंट ऑफ पोस्ट्स, बस्तर डिवीजन जगदलपुर का नाम इस्तेमाल करते हुए नियुक्ति आदेश जैसा दस्तावेज तैयार किया गया है। इसमें पोस्टिंग, जॉइनिंग डेट, चार्ज रिपोर्ट और अधिकारी की मुहर तक लगाई गई है, ताकि यह असली प्रतीत हो। लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि ऐसा कोई आदेश विभाग द्वारा जारी नहीं किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ठगों ने युवाओं को नौकरी दिलाने का लालच देकर यह फर्जी पत्र थमाया और मोटी रकम वसूली। कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में अब तक करीब 6 लोग इस ठगी का शिकार हो चुके हैं। उनसे नौकरी लगवाने के नाम पर लगभग 10 लाख रुपये ऐंठ लिए गए।

बताया जा रहा है कि कई पीड़ित डर और धमकी के कारण सामने नहीं आ रहे हैं। उन्हें शिकायत न करने के लिए डराया जा रहा है।

डाक विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी नियुक्ति पत्र या जॉब ऑफर की पुष्टि पहले आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित कार्यालय से जरूर करें। किसी भी एजेंट, दलाल या बिचौलिए के झांसे में आकर पैसे न दें। यह फर्जीवाड़ा न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि बेरोजगार युवाओं के सपनों से भी खिलवाड़ कर रहा है।

फिलहाल इस पूरे मामले में जांच और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।