July 23, 2026

200 एकड़ जमीन हड़पने की साजिश का खुलासा, फर्जी दस्तावेज बनाकर करोड़ों की भूमि अपने नाम कराने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में करीब 200 एकड़ बेशकीमती जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कूटरचित हस्ताक्षर, नकली फोटो, फर्जी अंगूठा निशानी और जालसाजी के माध्यम से करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन अपने नाम कराने का आरोप है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मामला ग्राम थनौद, तहसील गोबरा नवापारा स्थित खसरा नंबर 1243/1, 1242/1, 1244/1, 1159/1, 1163/1, 1162/1 और 1162/2 से जुड़ा है। राजस्व अभिलेखों में यह लगभग 200 एकड़ भूमि केशव अवस्थी के नाम दर्ज थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से जमीन के वास्तविक मालिक की पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए।

पुलिस जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी मिर्जा परवेज ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर वर्ष 2023 में एक कथित षड्यंत्र रचा। आरोप है कि केशव अवस्थी के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर उसका फोटो, नकली हस्ताक्षर और फर्जी अंगूठा निशानी का इस्तेमाल किया गया। इसके आधार पर पहले एक फर्जी मुख्तियारनामा तैयार कराया गया और फिर उसी दस्तावेज के जरिए जमीन का पंजीयन कराया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि 19 अक्टूबर 2023 को जमीन के एक हिस्से का पंजीयन अब्दुल नईम के नाम कराया गया, जबकि 20 अक्टूबर 2023 को कुछ भूमि मिर्जा परवेज के नाम दर्ज कराई गई। दोनों मामलों में कथित रूप से नकली पहचान और कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग किया गया।

प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों के बयान दर्ज किए और मुख्तियारनामा तैयार करने में उपयोग किए गए आधार कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

अभनपुर पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 179/26 दर्ज कर भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 467 (मूल्यवान दस्तावेज की जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी), 470, 471 (फर्जी दस्तावेज का उपयोग) और 34 (साझा आपराधिक मंशा) के तहत कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों में वसीम हुसैन (33 वर्ष), मोहम्मद खलील (28 वर्ष), अब्दुल नईम (53 वर्ष) और मिर्जा परवेज शामिल हैं। सभी आरोपी रायपुर के संजय नगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इस कथित जमीन घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।