सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। घटना बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम झरगांव की है, जहां 41 वर्षीय किसान रतन पैंकरा की बिजली के तार की चपेट में आने से मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सिंचाई के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खेत में मोटर पंप चलाने के लिए कथित तौर पर अवैध बिजली हुकिंग की गई थी। इसी दौरान किसान नंगे बिजली के तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
देर रात घर नहीं लौटे तो शुरू हुई तलाश
बताया जा रहा है कि किसान देर रात तक घर नहीं लौटे, जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अगले दिन दोपहर उनका शव खेत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस और बिजली विभाग कर रहे जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं बिजली विभाग ने भी घटना की जांच के आदेश दिए हैं। विभाग का कहना है कि यदि जांच में अवैध बिजली हुकिंग की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





