पखांजूर। कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर पीव्ही-12 निवासी आशुतोष विश्वास सुबह अपने मक्का खेत में पानी देने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते आसमान में बिजली कड़कने लगी और अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से आशुतोष विश्वास की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिजली गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं परिजनों को हर संभव सहायता दिलाने की बात भी कही जा रही है।





