July 30, 2026

खाद संकट पर फूटा किसानों का गुस्सा, खैरागढ़ में चक्काजाम कर किया प्रदर्शन

खैरागढ़। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में खाद संकट गहराने लगा है। यूरिया और डीएपी की कमी से परेशान किसानों ने ग्राम पैलीमेटा में सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि बुवाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, लेकिन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती-किसानी का काम प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आरोप लगाया कि खाद वितरण केंद्रों में लगातार कमी बनी हुई है। उन्हें खाद के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय पर कृषि कार्य पूरा करने में परेशानी हो रही है। किसानों ने प्रशासन से तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।

यह आंदोलन जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा, जिला महामंत्री लाल रोहित सिंह पुलस्त्य और जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने नारेबाजी कर खाद संकट के समाधान की मांग उठाई।

किसानों के समर्थन में खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा और पूर्व विधायक छन्नी साहू भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और प्रशासन से जल्द से जल्द खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि किसानों को खेती के लिए जरूरी संसाधन समय पर मिलना चाहिए, ताकि उनकी फसल और उत्पादन प्रभावित न हो।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खाद आपूर्ति सामान्य नहीं हुई और वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित होगी, जिसका सीधा असर उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। पैलीमेटा का यह प्रदर्शन क्षेत्र में बढ़ते खाद संकट और किसानों की नाराजगी को उजागर करता है।