July 23, 2026

टोनही के शक में विधवा बहू की डंडे से पीट-पीटकर हत्या, ससुर गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के चलते एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डुडुंगजोर गांव में टोनही (जादू-टोना) होने के शक में एक व्यक्ति ने अपनी ही विधवा बहू की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय मृतका नबिना राठिया अपने घर के आंगन में मौजूद थी। इसी दौरान उसके ससुर सुखसिंह राठिया (50) ने उसे टोनही बताकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपी घर के भीतर गया और लकड़ी का मोटा डंडा लेकर आया तथा महिला के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसे संदेह था कि उसकी विधवा बहू उसके बच्चे पर जादू-टोना करती थी। इसी अंधविश्वास के चलते उसने गुस्से में आकर महिला पर हमला कर दिया।

एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

यह घटना एक बार फिर अंधविश्वास के दुष्परिणामों को उजागर करती है, जहां निराधार संदेह ने एक महिला की जान ले ली।