March 4, 2026

बालोद: महिला आरक्षक के आरोपों के बाद बीजापुर के डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके निलंबित

Balod/Bijapur: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके को महिला आरक्षक द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया है। मामला बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र का है। महिला आरक्षक ने आरोप लगाया कि दिलीप उइके ने शादी का झांसा देकर बार-बार शारीरिक संबंध बनाए, जबरन गर्भपात करवाया और आर्थिक शोषण किया।

महिला आरक्षक ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2017 में उनकी बातचीत दिलीप उइके से आईटीआई में पढ़ाई के दौरान शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि मार्च 2017 में पहली बार गर्भवती होने पर जब उसने यह जानकारी दी, तो आरोपी ने पढ़ाई पूरी होने तक शादी टालने का झांसा दिया और जबरन गर्भपात की दवा दी।

महिला ने आरोप लगाया कि डिप्टी कलेक्टर बनने के बाद भी शादी का झांसा देते हुए बार-बार शारीरिक संबंध बनाए गए और कुल 3 बार जबरदस्ती गर्भपात कराया गया। इसके अलावा, महिला ने बताया कि आरोपी ने उसके खाते से बैंक ट्रांसफर और कार (CG 24T3967) को अपने नाम करने जैसी आर्थिक गतिविधियां भी कीं।

इस मामले में महिला की शिकायत पर डौंडी थाना में FIR दर्ज की गई और बीजापुर प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके को निलंबित कर दिया।