भुवनेश्वर। फेमिना मिस इंडिया 2026 का खिताब गोवा की साध्वी सतीश सैल ने अपने नाम कर लिया है। शनिवार देर रात कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी में आयोजित ग्रैंड फिनाले में उन्होंने 30 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए यह ताज हासिल किया। उनके नाम की घोषणा होते ही पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और साध्वी भावुक हो गईं।
इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की राजनंदिनी पंवार फर्स्ट रनरअप रहीं, जबकि जम्मू-कश्मीर की श्री अद्वैता सेकंड रनरअप बनीं। अब साध्वी सतीश सैल 2027 में होने वाले मिस वर्ल्ड कॉन्टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

साध्वी ने ग्रैंड फिनाले में सिल्वर-ब्लैक मोनोक्रोमैटिक गाउन पहनकर रॉयल और ग्रेसफुल लुक पेश किया। उनके कॉन्फिडेंस, प्रेजेंटेशन और स्टेज पर आत्मविश्वास ने जजों को काफी प्रभावित किया।
खिताब जीतने के बाद साध्वी ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए अविश्वसनीय है और वह वैश्विक मंच पर भारत का नाम रोशन करना चाहती हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सफलता के लिए मेहनत पर भरोसा करें और दूसरों से तुलना करने से बचें।
कौन हैं साध्वी सतीश सैल?
गोवा की रहने वाली साध्वी ने इकोनॉमिक्स और इंटरनेशनल रिलेशन में ग्रेजुएशन किया है। वे 7 भाषाओं की जानकार हैं। उनकी बहुमुखी प्रतिभा और आत्मविश्वास ने उन्हें यह प्रतिष्ठित खिताब दिलाया।





