FIFA World Cup 2026 से पहले अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) कथित तौर पर अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) की जांच के दायरे में आ गया है। अर्जेंटीना के अखबार La Nación और Fox Sports México की रिपोर्ट के मुताबिक, AFA से जुड़े वित्तीय लेनदेन में संभावित मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका को लेकर अमेरिकी जांच एजेंसियां पड़ताल कर रही हैं। हालांकि, इस मामले में अब तक FBI या AFA की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अमेरिकी बैंकिंग सिस्टम से हुए ट्रांजैक्शन की जांच
रिपोर्ट के अनुसार, जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि AFA से जुड़े करोड़ों डॉलर अमेरिकी बैंकिंग प्रणाली के जरिए कैसे ट्रांसफर किए गए और क्या इन लेनदेन में अमेरिकी कानून के तहत किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है।
बताया गया है कि जांच के केंद्र में फ्लोरिडा स्थित TourprodeEnter LLC नामक कंपनी है, जो विदेशों में AFA के वित्तीय दायित्वों का प्रबंधन करती है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह कंपनी थिएटर व्यवसायी जेवियर फैरोनी के स्वामित्व में है।
पांच अमेरिकी बैंकों के खातों की हो रही जांच
La Nación की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में जांच एजेंसियों ने ऐसे दस्तावेजों का विश्लेषण किया है, जिनमें दावा किया गया है कि जेवियर फैरोनी और उनकी पत्नी एरिका गिलेट ने Citibank, Synovus Bank, Bank of America, JPMorgan Chase और PNC Bank के खातों के माध्यम से करोड़ों डॉलर का लेनदेन किया। इन्हीं वित्तीय गतिविधियों को जांच का आधार माना जा रहा है।
260 मिलियन डॉलर के फंड पर उठे सवाल
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि TourprodeEnter LLC ने AFA से जुड़े करीब 260 मिलियन डॉलर (लगभग 2,483 करोड़ रुपये) के राजस्व का प्रबंधन किया। बैंक रिकॉर्ड के विश्लेषण में कथित तौर पर पाया गया कि इस राशि का केवल एक हिस्सा ही AFA के पहचान योग्य परिचालन खर्चों से जुड़ा था।
इसके अलावा करीब 57 मिलियन डॉलर विभिन्न कंपनियों और लाभार्थियों के बीच वितरित किए गए, जिनके आर्थिक उद्देश्य और औचित्य को लेकर जांच एजेंसियां सवाल उठा रही हैं।
AFA अध्यक्ष पहले से विवादों में
AFA अध्यक्ष क्लाउडियो तापिया पहले से ही कई विवादों का सामना कर रहे हैं। घरेलू फुटबॉल लीग में बदलाव, कम रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैचों और प्रशासनिक फैसलों को लेकर उनकी आलोचना होती रही है। इसके अलावा अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के साथ फुटबॉल क्लबों के स्वामित्व मॉडल को लेकर भी उनका मतभेद बना हुआ है।
हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि FBI या AFA की ओर से अब तक इस कथित जांच की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर सामने आई है।





