राजनांदगांव। खेल एवं युवा कल्याण विभाग में खेल सामग्री की खरीदी में वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दंडाधिकारी और वरिष्ठ जिला कोषालय अधिकारी की संयुक्त जांच में करीब 52.91 लाख रुपए की खरीदी में गंभीर प्रक्रियागत अनियमितताएं सामने आई हैं। मामले में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक अल्बिस एक्का को निलंबित किए जाने की अनुशंसा की गई है।
वित्तीय अधिकारों की सीमा का किया गया उल्लंघन
संयुक्त जांच में सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2026-27 तक विभिन्न योजनाओं के तहत खेल सामग्री की खरीदी पर 52.91 लाख रुपए खर्च किए गए। जांच के दौरान आरोप है कि सहायक संचालक अल्बियुस एक्का ने कई मामलों में अपने वित्तीय अधिकारों की सीमा का अतिक्रमण करते हुए कलेक्टर और सक्षम वित्तीय प्राधिकारी की स्वीकृति के बिना खरीदी की।
निविदा और GeM प्रक्रिया भी नहीं अपनाई
जांच में खेल सामग्री की खरीदी में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसमें निविदा अथवा GeM प्रक्रिया नहीं अपनाना, क्रय समिति का गठन नहीं करना और स्थानीय विक्रेताओं से सीधे सामग्री खरीदना शामिल है।
इसके अलावा खरीदी गई सामग्री का भौतिक सत्यापन नहीं कराया गया और विभागीय अभिलेखों का भी समुचित संधारण नहीं किया गया। जांच अधिकारियों ने इन प्रक्रियागत कमियों को गंभीर माना है।
विभागीय जांच के लिए प्रस्ताव भेजा
मामले में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने सहायक संचालक अल्बिस एक्का के निलंबन की अनुशंसा की है। साथ ही विभागीय जांच की कार्रवाई के लिए सचिव, छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। अब विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





