बिलासपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा समेत कई कांग्रेस और NSUI नेताओं व कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक 3 जून को NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने निकले थे। प्रदर्शनकारियों को बंगले तक पहुंचने से रोके जाने के बाद वे कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ गए, जहां विरोध प्रदर्शन के दौरान यातायात और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हो गई।
अवैध रूप से रास्ता बाधित करने का आरोप
पुलिस ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शनकारियों ने बिना अनुमति रास्ता बाधित किया और बलवा जैसी स्थिति पैदा की। इसी आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 190, 191(2), 292 और 293 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
NEET पेपर लीक के विरोध में हुआ था प्रदर्शन
बताया जा रहा है कि NEET पेपर लीक मामले को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता शामिल हुए थे। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
राजनीतिक हलकों में बढ़ी हलचल
विधायक देवेंद्र यादव सहित कई प्रमुख नेताओं पर एफआईआर दर्ज होने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया आने की संभावना है, जबकि पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित होने के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।





