May 14, 2026

मवेशी चोरी का खुलासा: 5 आरोपी गिरफ्तार, 96 हजार की संपत्ति बरामद

राजनांदगांव। जिले में मवेशी चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी किए गए चार मवेशियों को कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल और नगदी सहित कुल 96 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रुस्तम यादव ने लालबाग थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल को उसने अपने मवेशियों को चरने के लिए छोड़ा था, लेकिन दो गाय और एक भैंस वापस नहीं लौटे। संदेह होने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें आरोपी जंगलपुर स्थित आरुगविला के पास मवेशियों को ले जाते हुए दिखाई दिए।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर मवेशी चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 3 गाय और 1 भैंस बरामद की है, जिनकी कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल (करीब 20 हजार रुपये) और बिक्री की 6 हजार रुपये नकद राशि भी जब्त की गई है। इस तरह कुल 96 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई।

पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी तामेश्वर यादव और समीर यादव के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।