बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले स्थित करगी रोड रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को बड़ा रेल हादसा टल गया। यहां एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर जांच के दौरान पटरी से उतरे डिब्बों के नीचे जेसीबी मशीन का बकेट फंसा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
रेलवे अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल कर रेल परिचालन सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।
फिलहाल रेलवे प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि डिब्बे पटरी से उतरने की वजह क्या रही और जेसीबी मशीन का बकेट ट्रैक तक कैसे पहुंचा। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।





