रायपुर। भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर की शिकायत पर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने फ्लोरामैक्स ठगी मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
ननकी राम कंवर ने फ्लोरामैक्स कंपनी के नाम का उपयोग कर 40 हजार से अधिक महिलाओं से अरबों रुपए की ठगी किए जाने की शिकायत की थी। इस मामले में कोरबा के तत्कालीन कलेक्टर अजीत बसंत पर शासन और आयोग को गलत जानकारी देने का आरोप लगाया गया था, जिसके बाद आयोग ने मुख्य सचिव से जवाब तलब किया था।
आयोग ने 16 अक्टूबर 2025 को हुई सिटिंग में मुख्य सचिव को पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। हालांकि 30 दिन बीत जाने के बाद भी राज्य सरकार की ओर से कोई जानकारी आयोग को नहीं भेजी गई।
इसके बाद राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए 17 मार्च को मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर मामले में जवाब देने के निर्देश जारी किए हैं।
पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर ने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़ी हजारों महिलाओं के साथ ठगी हुई है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई से कराई जाए।





