July 23, 2026

पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली ने की आत्महत्या, गौठान परिसर में फांसी के फंदे पर मिला शव

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर शहर में पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह संजय नगर स्थित गौठान परिसर में उनका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार कुछ महीने पहले कोदागांव क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में पंचायत सचिव की मौत हो गई थी। आरोप था कि नवाज अली की कार की टक्कर से पंचायत सचिव गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने नवाज अली के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया था।

बताया जा रहा है कि हाल ही में नवाज अली जेल से रिहा होकर बाहर आए थे। इसके बाद मंगलवार को उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर मिला। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। वहीं घटना के बाद मृतक के घर में शोक का माहौल है।