बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है, जहां चार नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक को रोककर उसके साथ मारपीट की और नकदी व सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कतियापारा निवासी अभिषेक गुप्ता घी खरीदने के लिए देवभोग कार्यालय कोनी की ओर जा रहे थे। वे अपने साथ 1 लाख 60 हजार रुपये नकद लेकर बाइक से निकले थे। इसी दौरान बिरकोना रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पीछे से आए दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।
बदमाशों ने पहले चाकू दिखाकर युवक को धमकाया और फिर डंडे व लोहे की रॉडनुमा हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने युवक से नकदी, सोने की चेन और अन्य सामान मिलाकर करीब 3.5 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।





