July 23, 2026

धमतरी में शुरू हुआ HPV टीकाकरण सप्ताह, 14 वर्ष की बालिकाओं को लगेगा मुफ्त जीवनरक्षक टीका

रायपुर। धमतरी जिले में 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से विशेष एचपीवी (HPV) टीकाकरण सप्ताह की शुरुआत हो गई है। यह अभियान आज से 18 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान सभी पात्र बालिकाओं को स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क HPV वैक्सीन लगाई जाएगी। अभियान के लिए स्कूलों से लेकर स्वास्थ्य केंद्रों तक व्यापक तैयारियां की गई हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। समय पर लगाया गया HPV टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करता है, इसलिए सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण आवश्यक है।

अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। टीकाकरण की सुविधा जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र (HWC), चयनित विद्यालयों और निर्धारित विशेष टीकाकरण सत्र स्थलों पर निःशुल्क उपलब्ध रहेगी।

धमतरी कलेक्टर ने जिले के सभी अभिभावकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि बेटियों का स्वस्थ भविष्य हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि HPV वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान देने के बजाय स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह पर भरोसा कर अपनी 14 वर्ष की बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं।

कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से भी इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की है, ताकि जिले की कोई भी पात्र बालिका इस जीवनरक्षक टीके से वंचित न रहे।