धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सच्ची दोस्ती की अनूठी मिसाल देखने को मिली। एक मजदूर ने अपने बीमार दोस्त को बेसुध हालत में देखकर बिना देर किए ठेले पर लादकर जिला अस्पताल पहुंचाया। इस संवेदनशील घटना को देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों ने युवक की जमकर सराहना की।
जानकारी के मुताबिक, ठेला चालक संतोष सोनवानी पेशे से मजदूर है। उसने अपने दोस्त कुलदीप को शराब दुकान के पास बेसुध हालत में पड़ा देखा। उसके पास मोबाइल फोन नहीं था, इसलिए वह एम्बुलेंस को सूचना नहीं दे सका।
ऐसे में संतोष ने समय गंवाए बिना अपने ठेले पर दोस्त को लिटाया और खुद उसे जिला अस्पताल तक लेकर पहुंचा, ताकि उसका समय पर इलाज हो सके।
अस्पताल में मौजूद लोगों ने संतोष की मानवता और दोस्ती की भावना की प्रशंसा की। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि मुश्किल वक्त में सच्चा दोस्त ही सबसे बड़ा सहारा होता है।





