जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा विकासखंड के काठापाली स्थित एक स्कूल में शिक्षिका द्वारा बच्चों के सामने तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधि किए जाने का मामला सामने आया है। सोने की बाली गुम होने के बाद शिक्षिका ने लाल कपड़े पर नारियल और चावल रखकर बच्चों के बीच कथित तौर पर चोरी का पता लगाने का प्रयास किया। घटना के बाद परिजनों ने इसकी शिकायत स्कूल प्रबंधन से की, जिस पर शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षिका गीता कुम्भकार की सोने की बाली स्कूल परिसर में कहीं गुम हो गई थी। इसके बाद उन्होंने लाल कपड़े पर नारियल और चावल रखकर बच्चों के सामने बाली वापस करने की बात कही। आरोप है कि बच्चों से यह भी कहा गया कि यदि बाली वापस नहीं की गई तो उन्हें परिणाम भुगतने होंगे।
घटना की जानकारी मिलने पर बच्चों के परिजनों ने स्कूल के प्रधानपाठक को इसकी सूचना दी। प्रधानपाठक ने मामले से विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को अवगत कराया।
मामले की जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका गीता कुम्भकार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शिक्षा विभाग ने बच्चों के सामने इस तरह की गतिविधि को अनुचित बताते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि शिक्षिका के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





