दुर्ग। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से छत्तीसगढ़ में सरकारी हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी की पढ़ाई महंगी हो गई है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा परीक्षा शुल्क, नामांकन शुल्क और अन्य सेवाओं के शुल्क में भारी बढ़ोतरी की गई है।
नए आदेश के अनुसार नियमित विद्यार्थियों से पहले जहां कुल 460 रुपए लिए जाते थे, अब यह बढ़कर 800 रुपए हो गया है। नामांकन शुल्क 80 रुपए से बढ़ाकर 200 रुपए कर दिया गया है। अतिरिक्त विषय का शुल्क 110 रुपए से बढ़कर 250 रुपए कर दिया गया है।
स्वाध्यायी छात्रों के लिए भी शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। संपूर्ण परीक्षा शुल्क 1230 रुपए से बढ़कर 1600 रुपए कर दिया गया है। विलंब शुल्क और विशेष विलंब शुल्क में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
इस बढ़ोतरी से अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पुलगांव में जब्त 7.88 करोड़ का अफीम भिलाई इस्पात संयंत्र में नष्ट
भिलाईनगर। पुलगांव थाना क्षेत्र में जब्त किए गए लगभग 7.88 करोड़ रुपए मूल्य के अफीम को विधिवत नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-3 प्लांट में की गई।
ड्रग्स डिस्पोजल समिति की निगरानी में हुई इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने इसे नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया है।
सुशासन तिहार मामलों में लापरवाही, तकनीकी सहायक निलंबित
भिलाईनगर। सुशासन तिहार 2026 और विभिन्न जनशिकायत पोर्टलों के मामलों के समय पर निराकरण में लापरवाही बरतने पर नगर निगम भिलाई ने तकनीकी सहायक दिलीप कुर्वे को निलंबित कर दिया है।
जांच में पाया गया कि बड़ी संख्या में आवेदन लंबित थे और नोडल अधिकारी द्वारा समन्वय में गंभीर लापरवाही की गई। निलंबन अवधि में कर्मचारी को जोन-4 में मुख्यालय दिया गया है और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
जनगणना ड्यूटी समाप्त, कर्मचारियों को वापस कार्यालय लौटने के आदेश
भिलाईनगर। मकान सूचीकरण जनगणना कार्य पूरा होने के बाद निगम प्रशासन ने सभी संबंधित कर्मचारियों को अपने मूल कार्यालय में लौटने के निर्देश दिए हैं।
बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम में दी गई रोमिंग सुविधा भी समाप्त कर दी गई है। आदेश का पालन नहीं करने पर वेतन कटौती की चेतावनी दी गई है।
लापरवाही पर स्टाफ नर्स की दो वेतन वृद्धि रोकी गई
दुर्ग। जिला अस्पताल में इलाज में लापरवाही के मामले में स्टाफ नर्स मोनिका पटेल पर कार्रवाई की गई है। कलेक्टर जनदर्शन में मिली शिकायत की जांच के बाद उन्हें दोषी पाया गया।
इसके बाद उनकी आगामी दो वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने के आदेश जारी किए गए हैं। जांच में सिविल सेवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई है।
आरडीके इंडस्ट्री गोदाम सील, अवैध कोयला भंडारण का शक
भिलाईनगर। जेवरा-सिरसा क्षेत्र में आरडीके इंडस्ट्री के गोदाम को माइनिंग विभाग ने सील कर दिया है। यहां ब्लू डस्ट की आड़ में अवैध कोयला/ऑस्ट्रेलियन कोक भंडारण की आशंका जताई गई है।
पुलिस और माइनिंग विभाग की संयुक्त जांच में सैंपल लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
बीएसपी ने 21,800 वर्गफीट जमीन से हटाया अवैध कब्जा
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र ने टाउनशिप क्षेत्र में चलाए गए अभियान के तहत लगभग 21,800 वर्गफीट जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया है।
इसके अलावा दर्जनों आवास, ठेले, बैनर-पोस्टर और अवैध संरचनाओं को हटाया गया। कई स्थानों पर बिजली कनेक्शन भी काटे गए।
राजस्व अधिकारियों की हड़ताल खत्म, तहसीलों में कामकाज बहाल
राजनांदगांव। प्रदेशभर में तीन दिन से चल रही राजस्व अधिकारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। हड़ताल खत्म होने के बाद तहसील और न्यायालयों में कामकाज फिर से शुरू हो गया है।
किसानों और आम नागरिकों को जाति, निवास और नामांतरण जैसे कार्यों में राहत मिली है।
गोदाम से 4.30 लाख का अनाज चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। औद्योगिक क्षेत्र के गोदाम से करीब 4.30 लाख रुपए का अनाज चोरी होने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।





