May 15, 2026

प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, सरकार का दावा—पर्याप्त स्टॉक, आपूर्ति सामान्य

रायपुर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात को देखते हुए राज्य सरकार लगातार केंद्र सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के संपर्क में है, ताकि प्रदेश में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। आपूर्ति की साप्ताहिक समीक्षा नियमित रूप से की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो। शासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।

प्रदेश में संचालित 2516 पेट्रोल पंपों और प्रमुख ऑयल कंपनियों के डिपो में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। मार्च 2026 में पेट्रोल की 1.01 लाख किलोलीटर आवश्यकता के मुकाबले 1.27 लाख किलोलीटर (126 प्रतिशत) आपूर्ति की गई। वहीं अप्रैल 2026 में 23 अप्रैल तक 1.60 लाख किलोलीटर पेट्रोल प्राप्त हो चुका है।

डीजल की बात करें तो मार्च में 1.64 लाख किलोलीटर आवश्यकता के विरुद्ध 3.00 लाख किलोलीटर (183 प्रतिशत) आपूर्ति की गई। अप्रैल 2026 में 23 अप्रैल तक 1.38 लाख किलोलीटर डीजल की आपूर्ति हो चुकी है। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सभी जिलों में आकस्मिक निरीक्षण और छापेमारी जारी है। राज्य एवं जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। नागरिकों की शिकायतों के लिए विभागीय कॉल सेंटर (1800-233-3663) भी सक्रिय है।

23 अप्रैल 2026 को खाद्य विभाग के संचालक की अध्यक्षता में ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। इसमें सामने आया कि कुछ औद्योगिक उपभोक्ता रिटेल आउटलेट से डीजल खरीद रहे हैं, जिससे अस्थायी दबाव बन रहा है। इस पर कंपनियों को मांग के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वर्तमान में प्रदेश में करीब 77,111 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है, जो लगभग 22 दिनों की जरूरत के बराबर है। वहीं 84,295 किलोलीटर डीजल का स्टॉक मौजूद है, जो करीब 15 दिनों की खपत के लिए पर्याप्त है। सरकार ने दोहराया है कि प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।