रायपुर। ‘वीबी जी राम जी’ के मुद्दे को लेकर कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन पर भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने तीखा सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से भ्रष्टाचार खत्म किया जा रहा है, फिर कांग्रेस को इसमें परेशानी क्यों हो रही है? जब मजदूरों को रोजगार मिलेगा और डीबीटी के जरिए सीधे खाते में पैसा पहुंचेगा, तब कांग्रेस का पूरा तंत्र टूट जाएगा। समय बताएगा कि यह बिल कितना मजबूत और प्रभावी है।
नाम को लेकर कर रही कांग्रेस विरोध: भाजपा
भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस भगवान राम को लेकर उलूल-जुलूल आरोप लगा रही है। चाहे नाम अंग्रेजी में हो या किसी और भाषा में, कांग्रेस भगवान राम को मानती ही नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बिल की नीति और उद्देश्य पर नहीं, बल्कि सिर्फ नाम को लेकर विरोध कर रही है। आखिर कांग्रेस को इस नाम से क्या आपत्ति है?
मनरेगा पर कांग्रेस की राजनीति
उज्ज्वल दीपक ने कहा कि
- क्या 100 कार्यदिवस बढ़ाकर 125 करने से कांग्रेस को आपत्ति है?
- 60 दिन की समय-सीमा तय करने का अधिकार राज्यों को है।
- जो काम पहले 15 दिन में होता था, अब 60 दिन में होगा।
उन्होंने सवाल किया कि देश में कांग्रेस की सरकार सिर्फ 3 राज्यों में है, जबकि 20 से अधिक राज्यों में भाजपा की सरकार है। फिर तेलंगाना, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में ही विरोध क्यों?
कांग्रेस के पास मुद्दों की कमी
10 जनवरी से कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के पास मुद्दों की भारी कमी है। पार्टी कई गुटों में बंटी हुई है और खुद तय नहीं कर पा रही कि विरोध करना है या नहीं।
मनरेगा जांच पर क्या बोले?
मनरेगा में जांच को लेकर पूछे गए सवाल पर उज्ज्वल दीपक ने कहा कि सोशल ऑडिट में तथ्य सामने आए हैं। छत्तीसगढ़ ने इस मामले में बेहतर प्रदर्शन किया है। यह कोई असामान्य बात नहीं है, बल्कि पूरे देश में ऐसा होता है। सच्चाई को स्वीकार करना जरूरी है।
कक्षा चौथी के प्रश्नपत्र विवाद पर सख्त रुख
कक्षा चौथी की अर्द्धवार्षिक परीक्षा के अंग्रेजी प्रश्नपत्र में भगवान राम का नाम आने को लेकर मचे बवाल पर भाजपा प्रवक्ता ने इसे बेहद निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि संबंधित डीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यदि यह किसी धर्म विशेष के खिलाफ किया गया है, तो कड़ी कार्रवाई होगी।
उज्ज्वल दीपक ने कहा कि यदि किसी अन्य धर्म से जुड़ा मामला होता, तो यह सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो चुका होता। छत्तीसगढ़ में भांजे-भांजी का विशेष सम्मान है और जो भी दोषी होगा, उस पर सख्त कार्रवाई तय है।




