March 3, 2026

गढ़चिरौली में नक्सलियों के 44 स्मारक ध्वस्त, संयुक्त अभियान में सी-60 और CRPF की बड़ी कार्रवाई

जगदलपुर। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र बॉर्डर से लगे गढ़चिरौली जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त अभियान में सी-60 कमांडो, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और जिला पुलिस ने मिलकर नक्सलियों से जुड़े 44 स्मारकों को ध्वस्त कर दिया।

बताया जा रहा है कि ये स्मारक वर्षों से नक्सली प्रभाव और उनके प्रचार के प्रतीक माने जाते थे।


योजनाबद्ध तरीके से चला अभियान

अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई क्षेत्रीय सुरक्षा आकलन और रणनीतिक योजना के तहत की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य नक्सलवाद के महिमामंडन पर रोक लगाना और स्थानीय युवाओं को गुमराह होने से बचाना है।

सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से इलाके में प्रशासनिक पकड़ मजबूत होने और सुरक्षा का स्पष्ट संदेश जाने की बात कही जा रही है।


नक्सल विरोधी अभियान तेज

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में नक्सल विरोधी अभियान लगातार तेज किए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि ऐसे कदमों से क्षेत्र में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।