May 19, 2026

महिला से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला, 4 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला से गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, 37 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ कोतरारोड थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। पीड़िता ने 5 अप्रैल को थाना कोतरारोड में शिकायत दर्ज कराई। उसने महिला पुलिस अधिकारी को बताया कि 4 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे वह अपने पति के साथ मेन रोड स्थित दुकान पर सामान खरीदने गई थी।

इसी दौरान ऑटो में पहुंचे आरोपी मुन्ना गिरी और उसके साथियों ने महिला को अकेला समझकर जबरन सड़क किनारे स्थित दुकान के अंदर ले जाने का प्रयास किया। महिला के पति ने विरोध किया तो आरोपी दीपक सिदार और पिंटू निषाद ने उसके साथ मारपीट की और उसे काबू में कर लिया। इसके बाद आरोपी मुन्ना गिरी, योगेश सिदार और जागेश्वर पटेल ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुन्ना गिरी (27 वर्ष), देव कुमार उर्फ दीपक सिदार (23 वर्ष), जागेश्वर पटेल (32 वर्ष) और पिंटू निषाद (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी पिंटू निषाद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो (क्रमांक CG 12 AY 5870) भी जब्त किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी योगेश सिदार की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।