July 29, 2026

खाद संकट से किसानों में आक्रोश, बेलटुकरी समिति में जमकर हंगामा

गरियाबंद। खरीफ फसल की तैयारी के बीच खाद संकट को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। जिले के कृषक सेवा सहकारी समिति बेलटुकरी में जरूरत के अनुसार खाद नहीं मिलने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। भीषण गर्मी में घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त खाद नहीं मिलने पर किसानों ने समिति परिसर में जमकर हंगामा किया और आंदोलन की चेतावनी दी।

जानकारी के मुताबिक, आसपास के करीब पांच गांवों के किसान खाद लेने बेलटुकरी समिति पहुंचे थे। किसानों का आरोप है कि लंबी लाइन में खड़े रहने के बावजूद उन्हें जरूरत से कम खाद दिया गया और कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा।

किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन शुरू होने से पहले ही खाद की कमी से खेती-किसानी प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। पहली बार खाद वितरण में इस तरह की कटौती होने से किसानों में ज्यादा नाराजगी देखी जा रही है।

वहीं किसानों ने शासन की गाइडलाइन और वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।