May 13, 2026

गरियाबंद में दर्दनाक हादसा: बिजली तार की चपेट में आने से बाइक सवार जिंदा जला, मौके पर मौत

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार खंभे से टूटकर लटक रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया, जिससे करंट लगने के बाद आग भड़क उठी और युवक बाइक समेत जिंदा जल गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान दसपुर गांव निवासी यशवंत ध्रुव (37) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार यशवंत जंगल से तेंदूपत्ता लेकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान दसपुर बांध के पास सड़क किनारे खंभे से टूटकर लटक रहे 11 केवी बिजली सप्लाई लाइन के तार में उसकी गर्दन फंस गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करंट लगते ही आग की लपटें उठने लगीं और यशवंत को संभलने या भागने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते बाइक में भी आग लग गई और युवक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाली थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है और बिजली तार टूटकर सड़क पर कैसे लटका रहा, इसकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।