गरियाबंद। जिले में साइबर ठगों ने अब भाजपा नेताओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया है। हैकर उनके नाम से परिचितों को संदेश भेजकर यूपीआई के माध्यम से 28 हजार रुपए की मांग कर रहा है। तीन दिनों के भीतर किसी बड़े भाजपा नेता का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का यह दूसरा मामला है।
हैकर मांझी के नाम से लोगों को मैसेज भेजकर कह रहा है कि नेटवर्क की समस्या के कारण तत्काल 28 हजार रुपए भेज दें, जिन्हें बाद में वापस कर दिया जाएगा। इसके लिए वह ओटीपी और कोड से जुड़ी प्रक्रिया का भी सहारा ले रहा है। जब मांझी के परिचितों ने उन्हें फोन कर इस संबंध में जानकारी दी, तब उन्हें अकाउंट हैक होने का पता चला।

लोगों से सतर्क रहने की अपील
गोवर्धन मांझी ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी संदेश पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार का पैसा ट्रांसफर न करें। उन्होंने बताया कि संभवतः एक एपीके (APK) फाइल पर क्लिक करने के बाद उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हुआ है। मामले की शिकायत साइबर सेल और देवभोग पुलिस से की गई है।
खुद को छात्र बताकर मांग रहा पैसे
हैकर व्हाट्सएप ग्रुप में संदेश भेजकर खुद को छात्र बता रहा है। उसने लिखा है कि उसे कॉलेज फीस जमा करनी है और पैसों की जरूरत है। साथ ही उसने दावा किया कि वह गरीब लोगों से पैसे नहीं मांग रहा और विधायक उन्हें पसंद हैं, इसलिए उनका अकाउंट हैक किया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष भी हो चुके हैं शिकार
गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर का व्हाट्सएप अकाउंट भी साइबर ठगों द्वारा हैक किया जा चुका है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस और साइबर सेल लोगों से अपील कर रहे हैं कि किसी भी संदिग्ध मैसेज, लिंक या फाइल पर क्लिक करने से बचें और पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर पुष्टि जरूर करें।





