July 23, 2026

सीसी सड़क नहीं बनने पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने किया हाइवे जाम, कांग्रेस ने साधा सरकार पर निशाना

GARIABAND NEWS UPDATE: गरियाबंद। जिले के देवभोग क्षेत्र स्थित मुड़ागांव में सीसी सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। अपने ही गांव की सड़क समस्या से नाराज भाजयुमो जिला अध्यक्ष Hemant Nagesh ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ नेशनल हाइवे-130C पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान महिलाओं और पुरुषों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, मुड़ागांव के आश्रित पारा करलाकोट में पिछले दो वर्षों से ग्रामीण सीसी सड़क की मांग कर रहे हैं। बारिश के मौसम में गांव की सड़क कीचड़ से भर जाती है, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता है। ग्रामीणों का कहना है कि मेडिकल इमरजेंसी के दौरान एंबुलेंस तक गांव में नहीं पहुंच पाती और स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पहले से तैनात पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को अधिक समय तक हाइवे पर नहीं टिकने दिया और करीब एक घंटे के भीतर सड़क खाली कराकर यातायात बहाल कर दिया।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष Hemant Nagesh ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रामीण लंबे समय से समस्या के समाधान के लिए आवेदन दे रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जितनी तत्परता से प्रशासन प्रदर्शन हटाने पहुंचा, उतनी ही गंभीरता अगर सड़क निर्माण में दिखाई जाती तो लोगों को सड़क पर उतरने की नौबत नहीं आती।

इधर, मामले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस भी सक्रिय हो गई। कांग्रेस जिला अध्यक्ष Sukhchand Besra गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब सत्तारूढ़ दल के पदाधिकारियों को ही विकास कार्यों की मांग के लिए धरना देना पड़ रहा है, तो सरकार के विकास के दावों की वास्तविकता समझी जा सकती है।

वहीं तहसीलदार Ajay Chandravanshi ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को हाइवे से हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है। ग्रामीणों से मांग पत्र प्राप्त किया गया है, जिसे उच्च अधिकारियों के माध्यम से प्रशासन तक भेजा जाएगा ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।