July 23, 2026

गरियाबंद: खाद-बीज की कमी और बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस का चक्काजाम, सहकारी समिति का घेराव

गरियाबंद। फिंगेश्वर में खाद-बीज की कमी, बिजली कटौती, पेंशन और आवास योजना सहित 9 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सहकारी समिति का घेराव करते हुए चक्काजाम कर विरोध जताया।

बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल

इस आंदोलन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, महिला कांग्रेस और नगर कांग्रेस के पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की।

खाद-बीज और बिजली कटौती पर नाराजगी

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खाद-बीज की भारी कमी है और किसानों को समय पर जरूरी सामग्री नहीं मिल पा रही है। साथ ही लगातार बिजली कटौती से कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।

9 सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध

प्रदर्शनकारियों ने पेंशन, आवास योजना और अन्य जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि गरीब और किसान वर्ग के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।

अवैध रेत उत्खनन पर रोक की मांग

कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने और गरियाबंद जिले में हो रहे अवैध रेत उत्खनन को तुरंत बंद करने की भी मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।