
गरियाबंद। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास और विश्वास की मजबूत नींव रखने की दिशा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 65वीं बटालियन लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में ग्राम छिंदोला स्थित डी/65 बीएन सीआरपीएफ कैंप में सिविक एक्शन कार्यक्रम का प्रभावशाली आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी ने इसे जनविश्वास अभियान का स्वरूप दे दिया।

बटालियन कमांडेंट राधे श्याम सिंह के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट सुधेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दवनई सहित आसपास के गांवों से करीब 250 से अधिक ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपी, पेन, पेंसिल बॉक्स और ज्योमेट्री बॉक्स वितरित किए गए। युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए क्रिकेट किट, वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन रैकेट प्रदान किए गए। ग्रामीण परिवारों को साड़ी, कंबल, मच्छरदानी, सोलर लैंप, कृषि उपकरण और दैनिक उपयोग की सामग्री दी गई।
उप कमांडेंट सुधेंद्र सिंह ने ग्रामीणों से नक्सलियों की भ्रामक गतिविधियों से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना सुरक्षा बलों को देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सिविक एक्शन कार्यक्रम केवल सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षा बल और स्थानीय जनता के बीच विश्वास, सहयोग और संवाद की मजबूत कड़ी बनाने का माध्यम है।
कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट रामानंद प्रसाद, निरीक्षक पीयूष कुमार सिंह, निरीक्षक हरेंद्र कुमार सिंह, सरपंच रश्मिला बाई सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और इसे सुरक्षा, शांति और विकास की दिशा में सकारात्मक संदेश बताया।





