May 15, 2026

10वीं रिजल्ट से पहले साइबर ठग सक्रिय, फर्जी कॉल कर पैसे मांगने का मामला सामने

गरियाबंद।10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने से पहले साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। जिले के फिंगेश्वर से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक पालक को फर्जी कॉल कर उसकी बेटी को पास कराने के नाम पर पैसे की मांग की गई।

जागरूक पालक चेतन निर्मलकर ने बताया कि उन्हें लगातार अनजान नंबर से कॉल आ रहे हैं। कॉल करने वाला खुद को बोर्ड ऑफिस का अधिकारी बताकर उनकी बेटी को दो विषयों में फेल बता रहा था और पास कराने के लिए 2500 से 5000 रुपये की मांग कर रहा था। ठगों ने एपीके फाइल, क्यूआर कोड और फोटो भेजकर मोबाइल हैक करने की भी कोशिश की।

हालांकि पालक की सतर्कता से ठगी की कोशिश नाकाम रही। मामले में फिंगेश्वर पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और ऐसे कॉल से बचने की अपील की है।

पुलिस ने कहा है कि किसी भी अनजान एपीके, क्यूआर कोड या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। ऐसा करने से मोबाइल हैक हो सकता है और बैंक खाते से पैसे निकाले जा सकते हैं।

साइबर ठगी होने पर क्या करें?
यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करें। इसके अलावा भारत सरकार के National Cyber Crime Reporting Portal पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है।

ऑनलाइन शिकायत के लिए ‘File a Complaint’ विकल्प चुनकर अपनी जानकारी दर्ज करें और घटना से जुड़े सभी सबूत जैसे स्क्रीनशॉट, बैंक डिटेल्स, मैसेज या ईमेल अपलोड करें। शिकायत दर्ज होने के बाद एक आईडी मिलती है, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है।

आपात स्थिति में 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर भी मदद ली जा सकती है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में 24 घंटे के भीतर शिकायत करना बेहद जरूरी होता है, ताकि नुकसान को कम किया जा सके।