July 27, 2026

गरियाबंद में कांग्रेस का NH जाम, पुल निर्माण और बैंक शाखा की मांग पर प्रदर्शन

गरियाबंद। जिले के देवभोग क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित बेलाट नाला पर पुलिया निर्माण और झाखरपारा में सहकारी बैंक शाखा खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को नेशनल हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। विधायक जनक ध्रुव और जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे।

करीब एक घंटे तक जाम, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगभग एक घंटे तक नेशनल हाईवे पर धरना देते हुए आवागमन बाधित रखा। बाद में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

“ये ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है”
प्रदर्शन के दौरान विधायक जनक ध्रुव ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सिर्फ ट्रेलर है, अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

टेंडर प्रक्रिया पर उठाए सवाल
विधायक ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने इन परियोजनाओं के लिए 429 लाख रुपये की मंजूरी दी थी, लेकिन अधिकारियों ने समय पर टेंडर जारी नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि पुराने एसओआर (Schedule of Rates) के आधार पर टेंडर निकाले जा रहे हैं, जो वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप नहीं है। कांग्रेस ने प्राक्कलन अपडेट कर नए सिरे से टेंडर जारी करने की मांग की है।

पुल नहीं होने से बढ़ रहा खतरा
देवभोग मुख्यालय को करीब 36 गांवों से जोड़ने वाले बेलाट नाला पर पुल नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में स्थिति बेहद गंभीर हो जाती है। आवागमन बाधित होता है और हादसों का खतरा बना रहता है, जिससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पुल निर्माण और बैंक शाखा खोलने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।