गरियाबंद। जिले की देवभोग पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए दो स्विफ्ट कारों से करीब 75 लाख रुपए कीमत का डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद किया है। मामले में एक नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
नंबर प्लेट बदलकर कर रहे थे तस्करी
जानकारी के मुताबिक तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे थे। पुलिस को गुमराह करने के लिए उन्होंने अपनी गाड़ियों की मध्यप्रदेश की नंबर प्लेट हटाकर छत्तीसगढ़ की नंबर प्लेट लगा दी थी।
हालांकि देवभोग पुलिस को पहले से ही इसकी सूचना मिल चुकी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
थाना प्रभारी Faizul Huda Shah ने बताया कि नाकाबंदी देखकर तस्करों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर ही कार चढ़ाने का प्रयास किया।
पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर पीछा किया। तेज रफ्तार में भाग रही दोनों स्विफ्ट कारें अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।
75 लाख का गांजा बरामद
कारों की तलाशी में करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 75 लाख रुपए बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश के गांधी नगर और साजनाबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि अन्य आरोपियों की उम्र 22 से 26 वर्ष के बीच बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक बड़े नेटवर्क के इशारे पर गांजा सप्लाई करने जा रहे थे।
24 दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई
देवभोग पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस ने बताया कि 24 दिन पहले भी इसी तरह की कार्रवाई में स्विफ्ट कार से 9 लाख रुपए का गांजा बरामद कर मध्यप्रदेश के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और मुख्य सरगना की तलाश में जुटी हुई है।





