May 14, 2026

गरियाबंद में फिर महसूस हुए भूकंप के झटके, 36 घंटे में तीसरी बार हलचल; आकाशीय बिजली से बच्चे की मौत

गरियाबंद। देवभोग क्षेत्र में एक बार फिर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे धरती हल्की कांपी, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए। लगातार आ रहे झटकों से ग्रामीणों में चिंता बढ़ती जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, पिछले 36 घंटों के भीतर यह तीसरी बार है जब भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले बीती रात करीब 7:20 बजे भी धरती कांपी थी। वहीं एक दिन पहले आए झटके की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 0.7 दर्ज की गई थी। हालांकि सभी झटके हल्के रहे हैं और किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन बार-बार हो रही इस भूगर्भीय हलचल ने लोगों को भयभीत कर दिया है।

स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के हल्के झटके भूगर्भीय गतिविधियों का संकेत हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।

आकाशीय बिजली गिरने से बच्चे की मौत
इसी बीच देवभोग थाना क्षेत्र के मुरगुड़ा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान क्षीरसागर यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बालक घर के बाहर था, तभी अचानक मौसम बिगड़ा और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से वह इसकी चपेट में आ गया।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में दोपहर के समय लगातार मौसम खराब हो रहा है और बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ी हैं।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहें और सुरक्षित जगहों पर शरण लें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।