May 18, 2026

हाथी दांत तस्करी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, दीवार में छुपाकर रखा था दांत

गरियाबंद, प्रतिनिधि।

एंटीपोचिंग टीम को बड़ी सफलता

उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटीपोचिंग टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक बेशकीमती हाथी दांत और शिकार से जुड़े कई उपकरण बरामद किए गए हैं।

गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई

वन विभाग को सूचना मिली थी कि कुल्हाड़ीघाट निवासी पदमन के पास जंगली हाथी का दांत है। सहायक संचालक के निर्देश पर गठित टीम ने उसके घर और बाड़ी की तलाशी ली, जहां से चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

दीवार में छुपाकर रखा था हाथी दांत

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने पिछले चार वर्षों से हाथी के दांत को घर की दीवार में चुनवाकर छिपा रखा था। टीम ने दांत को बरामद कर जब्त कर लिया।

आदतन शिकारी भी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में पुसऊराम नामक व्यक्ति का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। वह पहले भी सांबर शिकार मामले में आरोपी रह चुका है और जमानत पर बाहर था।

बरामद हुए शिकार के उपकरण

कार्रवाई के दौरान टीम ने 1 हाथी दांत, 2 धनुष, 12 तीर, चिड़िया मारने का विशेष धनुष, जंगली सुअर का दांत, बालों का गुच्छा, 2 गुलेल और घुरू समेत कई सामान जब्त किए हैं।

हाथी-मानव द्वंद्व से जुड़ सकता है मामला

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह दांत उन्हें एक अन्य व्यक्ति से मिला था, जिसकी मौत हाथी-मानव द्वंद्व में हो चुकी है। हालांकि वन विभाग इस दावे को संदिग्ध मान रहा है।

डीएनए जांच से होगा खुलासा

मामले की सच्चाई जानने के लिए हाथी दांत के सैंपल को डीएनए जांच हेतु भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के बाद ही हाथी की पहचान और मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।