गरियाबंद। जिले में फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। शादी के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दो ग्राम पंचायतों के 44 ग्रामीण अचानक बीमार पड़ गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत आमदी (द) के आश्रित मोहलाई के 17 ग्रामीण और ग्राम पंचायत दर्रीपारा के बोइरगांव के 27 ग्रामीण भोजन करने के बाद उल्टी-दस्त की शिकायत से पीड़ित हो गए। गांव लौटने के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

मामले की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। उपस्वास्थ्य केंद्र कोसमी में शिविर लगाकर मरीजों का उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम प्रभावित गांवों में पहुंचकर जांच कर रही है।
वीएस नवरत्न ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य अमले को कोसमी सेक्टर में तैनात किया गया है। 40 से अधिक लोगों का उपचार किया जा चुका है और स्थिति नियंत्रण में है।
स्वास्थ्य विभाग भोजन के नमूनों की जांच की तैयारी कर रहा है, ताकि फूड पॉइजनिंग के कारणों का पता लगाया जा सके।





