July 31, 2026

गरियाबंद में कोटवार नियुक्ति पर बवाल: अपात्र महिला की नियुक्ति का आरोप, ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय का किया घेराव

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में कोटवार नियुक्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। देवभोग तहसील के खूंटगांव ग्राम पंचायत में नए कोटवार की नियुक्ति के विरोध में 100 से अधिक ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंच गए और नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जमकर नाराजगी जताई।

अपात्र महिला की नियुक्ति का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि तहसीलदार ने नियमों की अनदेखी करते हुए एक अपात्र महिला को कोटवार नियुक्त कर दिया है। उनका कहना है कि तत्कालीन कोटवार गुलाब बघेल के निधन के बाद उनके परिवार के उत्तराधिकारी को नियुक्त किया जाना चाहिए था। इसके लिए ग्राम सभा आयोजित कर पंचायत ने वास्तविक उत्तराधिकारी का नाम भी प्रस्तावित किया था, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद दूसरे परिवार की सदस्य को नियमों के विपरीत नियुक्ति दे दी गई।

कमिश्नर और कोर्ट जाने की चेतावनी

मामले को लेकर ग्राम पंचायत और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्राम सरपंच ने कहा कि यदि नियुक्ति निरस्त नहीं की गई तो मामले को संभागायुक्त (कमिश्नर) कार्यालय और न्यायालय तक ले जाया जाएगा। ग्रामीणों ने नियुक्ति प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने और आदेश वापस लेने की मांग की है।

तहसीलदार ने आरोपों को किया खारिज

वहीं, तहसीलदार ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कोटवार की नियुक्ति नियमानुसार और उन्हें प्राप्त अधिकारों के तहत विधिवत की गई है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया कानून के अनुरूप अपनाई गई है और नियुक्ति में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है।

फिलहाल मामले को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच विवाद बना हुआ है। यदि दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनती है, तो मामला उच्च प्रशासनिक स्तर या न्यायालय तक पहुंच सकता है।