May 18, 2026

Gariaband Protest : गैस कीमतों के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, नाले की गैस से चाय बनाने की कोशिश

गरियाबंद। मैनपुर नगर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी और गैस की किल्लत को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की यात्रा निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड पहुंची और फिर पंचायत कार्यालय के सामने समाप्त हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाली के पास चूल्हा जलाकर नाले की गैस से चाय बनाने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। इस अनोखे प्रदर्शन को देखने बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

नाले की गैस से चाय बनाने की कोशिश
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे नाले के पास चाय बनाने का प्रयास कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। हालांकि यह प्रयास सफल नहीं हो सका, लेकिन इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। दरअसल, हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ा नाले की गैस से चाय बनाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं ने यह प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना
यह प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर के अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव के नेतृत्व में किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता चाय बनाने के बर्तन और कुल्हड़ लेकर नाले के पास पहुंचे और चाय बनाने की कोशिश की। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नाले की गैस से चाय बनाने जैसी बातें करते हैं, लेकिन इससे आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होता। उन्होंने कहा कि आज घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत बढ़ रही है और लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही।

महंगाई को लेकर जताई नाराजगी
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव ने आरोप लगाया कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और गैस सिलेंडर आम लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है। इन समस्याओं के बावजूद भाजपा सरकार जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से चाय बनाकर लोगों को पिलाने की कोशिश भी की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और यह प्रदर्शन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।