July 31, 2026

गरियाबंद में युवक ने कुएं में कूदकर दी जान, सुसाइड से पहले डायल-112 पर किया था कॉल

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक युवक द्वारा कुएं में कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय लोकेश कुमार यादव के रूप में हुई है, जो एक स्कूल में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार, घटना देवभोग थाना क्षेत्र के कुदलीमुड़ा गांव की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद युवक ने कुएं में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

सुसाइड से पहले डायल-112 पर किया था कॉल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय युवक शराब के नशे में था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले लोकेश कुमार यादव ने डायल-112 पर कॉल किया था। कॉल के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यदि किसी को मानसिक तनाव या आत्महत्या जैसे विचार आ रहे हों, तो अपने परिजनों, मित्रों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत मदद लेना महत्वपूर्ण है।