गरियाबंद। जिले के राजिम थाना क्षेत्र में सड़क किनारे नहर के पास एक युवती का सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। शव से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पास जाकर देखा। मौके पर पहुंचे राजिम पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
राजिम थाना प्रभारी अमृत साहू ने बताया कि घटना श्यामनगर-देवरी मार्ग की है। स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि पिछले दो-तीन दिनों से क्षेत्र में तेज बदबू आ रही थी। आज सुबह ग्रामीणों ने बदबू के स्रोत की तलाश की तो नहर किनारे झाड़ियों के पास युवती का शव पड़ा मिला।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव की पहचान रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में की। जानकारी के अनुसार, चंचल 30 जनवरी से घर से लापता थी और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत टिकरापारा थाने में दर्ज कराई थी।
शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा किया जाएगा। मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) और डॉग स्क्वॉड टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवती के कॉल डिटेल्स सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग जल्द से जल्द मामले का खुलासा किए जाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।





