May 18, 2026

गरियाबंद के जंगल में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, IED बनाने की सामग्री और दवाइयां मिलीं

गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का बड़ा डंप मिला है। डंप से आईईडी बनाने की सामग्री, दवाइयां और दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं बरामद की गई हैं।

यह कार्रवाई Central Reserve Police Force की 65वीं बटालियन की F कंपनी, गरियाबंद पुलिस और E-30 Force की संयुक्त टीम ने की। खुफिया सूचना के आधार पर 12 मार्च को कुल्हारीघाट, देवडोंगर, चारडीह और रानीभरझोला के जंगलों में एरिया डोमिनेशन के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

अभियान के दौरान रानीभरझोला के जंगल में एक संदिग्ध स्थान मिला। जांच के लिए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोज़ल (BDDS) डॉग स्क्वॉड की मदद से खुदाई की गई, जिसमें नक्सलियों के डंप से इलेक्ट्रिक वायर, बैटरी, डेटोनेटर, इलेक्ट्रिक फ्यूज, कॉर्डेक्स वायर, विस्फोटक पाउडर, पावर सोर्स, ट्रिगर मैकेनिज्म और कंटेनर सहित कई सामग्री बरामद हुई।

इसके अलावा मौके से कुछ मेडिकल सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी मिलीं। सुरक्षा बलों ने सभी सामान जब्त कर लिया है।

सुरक्षा बलों के अनुसार, इस कार्रवाई से नक्सलियों की संभावित गतिविधियों को विफल करने में सफलता मिली है और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनाए रखने में मदद मिलेगी। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।