July 29, 2026

Gariaband News: गरियाबंद में तेंदुए का आतंक, 7 साल के बच्चे पर हमला, गर्दन दबोचकर जंगल ले जा रहा था

गरियाबंद। जिला मुख्यालय के आसपास एक बार फिर तेंदुए की दहशत देखने को मिली है। कोदोबतर के चट्टानपारा इलाके में गुरुवार रात एक तेंदुए ने 7 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चा पड़ोसी के घर से टीवी देखकर लौट रहा था, तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया।

गर्दन दबोचकर जंगल की ओर ले जा रहा था तेंदुआ

जानकारी के मुताबिक चट्टानपारा निवासी धनेश कुमार रात में घर लौट रहा था। इसी दौरान तेंदुए ने अचानक उसकी गर्दन दबोच ली और उसे जंगल की ओर खींचकर ले जाने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तेंदुए से भिड़ गए। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया जा सका।

हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके गर्दन और शरीर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया है।

इलाके में दहशत का माहौल

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के दिनों में अक्सर तेंदुए जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। गरियाबंद मुख्यालय के आसपास हर साल तेंदुओं की आवाजाही देखी जाती है, जिससे लोगों में भय बना रहता है।

वन विभाग ने लगाए ट्रैप कैमरे

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं।

रेंजर Pranjali Mishra ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।