गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में तेज बहाव के बावजूद सरगी नाला पार करने की कोशिश एक 55 वर्षीय ग्रामीण के लिए जानलेवा साबित हुई। नाले में बह जाने के करीब एक घंटे बाद उसका शव घटनास्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) मंगलवार सुबह अपने एक साथी के साथ धूर्सा गांव आए थे। सुबह करीब सात बजे के बाद लगातार बारिश से सरगी नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। वापसी के दौरान उनके साथी और आसपास मौजूद लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए नाला पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए नाला पार करने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग लगातार उन्हें रोकते रहे, जबकि कुछ लोग घटना का वीडियो भी बना रहे थे। जैसे ही थनवार यादव तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचे, पानी की तेज धारा उन्हें बहाकर अपने साथ ले गई। देखते ही देखते वह लोगों की आंखों से ओझल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तत्काल तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद थनवार यादव का शव खूंटेरी गांव के पास, घटनास्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।





