May 15, 2026

पुल निर्माण अधूरा, NH-130 पर ग्रामीणों का चक्काजाम; बारिश से पहले रास्ता बहाल करने की मांग

गरियाबंद। जिले के मैनपुर ब्लॉक अंतर्गत अमाड़ पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने मंगलवार को पुलिया निर्माण की मांग को लेकर नेशनल हाईवे-130 पर चक्काजाम कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं, स्कूली बच्चे और ग्रामीण जुगाड़ के पास सड़क पर बैठकर अनिश्चितकालीन प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण के नाम पर पहले से मौजूद रपटे को तोड़ दिया गया, लेकिन नया पुल अब तक तैयार नहीं हुआ। ऐसे में आने वाले मानसून सीजन में आवागमन पूरी तरह बाधित होने की आशंका है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने प्रशासन से मांग की थी कि बारिश से पहले कम से कम रास्ते को आवाजाही लायक बना दिया जाए, ताकि रोजमर्रा के काम और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई।

प्रदर्शन में स्कूली ड्रेस पहने बच्चे भी तख्तियां लेकर शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम और लोकेश्वरी नेताम ने प्रशासन पर आदिवासी क्षेत्रों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो बारिश के दौरान स्कूली बच्चों, मरीजों और गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

जानकारी के अनुसार, अमाड़ को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाले मार्ग पर पट्टाबहाल नाले पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए वर्ष 2024 में 1.49 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली थी। इस परियोजना का जिम्मा पीएमजीएसवाई विभाग को दिया गया था और ठेका एमएस नमन कंस्ट्रक्शन को मिला था। कंपनी ने फरवरी में काम शुरू कर पुराने रपटे को तोड़ दिया और नींव की खुदाई भी की, लेकिन अब काम पूरी तरह ठप पड़ा है।

बताया जा रहा है कि उदंती अभ्यारण्य प्रशासन से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य रोक दिया गया। प्रशासनिक समन्वय की कमी के चलते परियोजना अधर में लटक गई है, जिसका खामियाजा अब स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

फिलहाल नाले पर केवल अस्थायी कच्चा रपटा बनाया गया है, जो हल्की बारिश में बह सकता है। ऐसे में ग्रामीणों ने मांग की है कि बारिश से पहले तत्काल अस्थायी व्यवस्था को मजबूत किया जाए या पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए। वहीं, चक्काजाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।