May 15, 2026

गरियाबंद में NH-130C पर ग्रामीणों का चक्काजाम, क्षतिग्रस्त रपटे की मरम्मत के लिखित आश्वासन पर खत्म हुआ आंदोलन

गरियाबंद। अमांड समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त रपटे से हो रही परेशानी को लेकर नेशनल हाइवे 130C पर जुगाड़ के पास मंगलवार सुबह 6 बजे चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण दिनभर आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ग्रामीणों का कहना है कि अमांड-देवझरामली मार्ग पर बनने वाली पुलिया के लिए वर्ष 2024 में 1.49 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली थी और निर्माण एजेंसी को 2025 में कार्यादेश भी जारी किया गया था। लेकिन निर्माण शुरू होने से पहले पुराने रपटे को तोड़ दिए जाने के बाद काम बीच में ही रोक दिया गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार, अभयारण्य क्षेत्र से जुड़े होने के कारण एनओसी प्रक्रिया लंबित रहने से काम आगे नहीं बढ़ सका। इसी वजह से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन की सूचना पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बातचीत की कोशिश की, लेकिन शुरुआती वार्ता विफल रही। बाद में अपर कलेक्टर, अभयारण्य उपनिदेशक और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में लगभग दो घंटे चली चर्चा के बाद लिखित आश्वासन दिया गया कि क्षतिग्रस्त रपटे की मरम्मत इसी सप्ताह शुरू की जाएगी और बारिश के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।

लिखित आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। करीब 12 घंटे तक सड़क बाधित रहने से यात्री बसों और अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से गुजरना पड़ा।