May 18, 2026

Gariaband Police Action : 560 किलो गांजा और 190 नशीली टैबलेट नष्ट, फर्नेस में जलाकर किया निपटारा

गरियाबंद। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गरियाबंद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अलग-अलग मामलों में जब्त बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों का नष्टिकरण कराया है। पुलिस ने 34 मामलों में जब्त 560.680 किलोग्राम गांजा और दो मामलों में बरामद 190 नग नशीली टैबलेट को नष्ट कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जब्त मादक पदार्थों को रायपुर स्थित जायसवाल निको स्टील पावर प्लांट के फर्नेस में जलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया। इस दौरान सभी सुरक्षा और कानूनी मानकों का पालन किया गया।

पर्यावरण मंडल से ली गई अनुमति
मादक पदार्थों को नष्ट करने से पहले छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से विधिवत अनुमति प्राप्त की गई थी। पूरी प्रक्रिया जिला औषधि निपटारा समिति, गरियाबंद की निगरानी में संपन्न हुई।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
समिति के अध्यक्ष और पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान समिति के सदस्य एएसपी धीरेन्द्र पटेल और जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे। अधिकारियों की निगरानी में जब्त गांजा और नशीली टैबलेट को फर्नेस में डालकर पूरी तरह नष्ट किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। समय-समय पर कार्रवाई कर तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और जब्त मादक पदार्थों को भी नियमानुसार नष्ट किया जा रहा है, ताकि उनका दोबारा दुरुपयोग न हो सके।