May 18, 2026

लाखों के कच्चे हीरे के साथ ओडिशा का तस्कर गिरफ्तार, ग्राहक तलाशते दबोचा

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये के कच्चे हीरे के साथ ओडिशा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी हीरे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहा था, तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।

यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के हीरा बेचने की फिराक में घूमने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बंशीधर सेठी को गिरफ्तार किया, जो ओडिशा के धोबापाड़ा का रहने वाला है।

ग्राहक तलाशते पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी बिना तराशे हुए हीरे को बेचने के लिए संभावित ग्राहकों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं और उसे पकड़ लिया गया।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि आरोपी किन लोगों से हीरे खरीदता था और किन तक सप्लाई करता था।

पुलिस की सख्ती जारी
गरियाबंद एसपी वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह के गैरकानूनी काम में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।