July 31, 2026

CG Accident News: गरियाबंद में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 19 वर्षीय युवक की मौत, एक घायल

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नेशनल हाईवे-130सी पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना पांडुका थाना क्षेत्र के सरकड़ा के पास की है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रजनकट्टा निवासी 19 वर्षीय गेंद विश्वकर्मा के रूप में हुई है। हादसे में 19 वर्षीय तिजेश्वर साहू गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौके पर हुई युवक की मौत

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बाइक से जा रहे थे, तभी नेशनल हाईवे-130सी पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गेंद विश्वकर्मा सड़क किनारे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर पांडुका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण अज्ञात भारी वाहन की टक्कर सामने आया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।